सुशासन तिहार 2026 के तहत बिलारी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित, 1473 आवेदन प्राप्त

पामगढ़। सुशासन तिहार-2026 के अंतर्गत ग्राम बिलारी में कलेक्टर के निर्देशानुसार जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी समस्याएं एवं मांगें रखीं।
शिविर में कुल 1473 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 1439 मांग संबंधी एवं 34 शिकायतें शामिल रहीं। प्रशासन द्वारा मौके पर ही कई हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
राजस्व विभाग द्वारा बी-1 एवं किसान किताब का वितरण किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोदभराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृषि विभाग ने किसानों को जैविक खाद वितरित किया, वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। मत्स्य विभाग द्वारा मछली पालन हेतु सामग्री वितरण किया गया तथा मनरेगा के तहत जॉब कार्ड भी प्रदान किए गए।
इसके अलावा स्वसहायता समूहों को ऋण वितरण, मुख्यमंत्री नोनीहाल छात्रवृत्ति योजना के तहत सहायता एवं विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
शिविर में जनप्रतिनिधियों सहित विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव दिनकर ने किया। अंत में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पामगढ़ आर.के. तम्बोली ने सभी का आभार व्यक्त किया।




