
रायपुर। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की औपचारिक घोषणा कर दी गई है। प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह और प्रदेश चुनाव अधिकारी रोशन नेगी ने चुनाव कार्यक्रम जारी किया।
युवा कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया के तहत प्रदेश को 5 जोन में विभाजित किया जाएगा, जहां निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए ZRO नियुक्त किए जाएंगे।
29 मई से 13 जून तक नामांकन
ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए नामांकन प्रक्रिया 29 मई से 13 जून तक चलेगी। वहीं प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के लिए 11 जून से 13 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे।
नामांकन के बाद 15 जून से 18 जून तक स्क्रूटनी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके पश्चात सदस्यता अभियान और चुनाव प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित होगी।
सदस्यता के लिए सख्त नियम लागू
युवा कांग्रेस में सदस्यता लेने और चुनाव लड़ने के लिए 18 से 35 वर्ष की आयु सीमा निर्धारित की गई है। पूरी सदस्यता और शिकायत प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है।
फर्जी सदस्यता रोकने के लिए वोटर आईडी अनिवार्य की गई है। साथ ही आवेदन के साथ 8 सेकेंड का वीडियो अपलोड करना भी जरूरी होगा, जिसमें आवेदक स्वयं अपनी जानकारी देगा।
आयु प्रमाण के लिए ड्राइविंग लाइसेंस, 10वीं की मार्कशीट, पासपोर्ट या अन्य वैध पहचान पत्र मान्य होंगे।
“एक व्यक्ति – एक पद” का नियम लागू
चुनाव प्रक्रिया में “एक व्यक्ति – एक पद” का नियम सख्ती से लागू रहेगा। कोई भी उम्मीदवार केवल एक पद के लिए ही नामांकन दाखिल कर सकेगा। नामांकन दाखिल करते ही संबंधित व्यक्ति अपने पुराने पद से स्वतः मुक्त माना जाएगा।
दिल्ली में इंटरव्यू के बाद होगी नियुक्ति
जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्ति के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व की सहमति आवश्यक होगी। अंतिम चयन से पहले दिल्ली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष इंटरव्यू भी लिया जाएगा।
युवा कांग्रेस के इस चुनाव कार्यक्रम को संगठन में नई ऊर्जा और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




