
पामगढ़। पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों की सेवा और हितों के लिए सक्रिय राष्ट्रीय संगठन भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ जिला शाखा जांजगीर-चांपा द्वारा 31 मई 2026, रविवार को प्रातः 11 बजे से शासकीय महामाया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पामगढ़ में “पेंशनर बैठक सह पेंशनर सम्मान कार्यक्रम” का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आर पी आदित्य की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र नामदेव करेंगे।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में महासंघ के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश महामंत्री अनिल कुमार गोल्हानी, राष्ट्रीय संगठन मंत्री टी पी सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री अरुण कुमार तिवारी तथा प्रदेश सचिव अवध राम घृत लहरे उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में संगठनात्मक चर्चा के साथ-साथ शासकीय महामाया उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पामगढ़ से सेवानिवृत्त व्याख्याता एवं पूर्व विकासखंड शिक्षा अधिकारी मोहन लाल कौशिक सहित नवागढ़, अकलतरा एवं पामगढ़ विकासखंड के सेवानिवृत्त शिक्षकों, कर्मचारियों और अधिकारियों का सम्मान किया जाएगा।
भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ जिला शाखा जांजगीर-चांपा के अध्यक्ष परमेश्वर स्वर्णकार ने सभी पेंशनर साथियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर आयोजन को सफल एवं प्रभावी बनाने की अपील की है।




