पामगढ़ भाजपा में बड़ा सियासी झटका, दो नेताओं ने छोड़ी पार्टी

मनोज घोष के इस्तीफे के बाद ऋषभ नाथ योगी ने भी दी प्राथमिक सदस्यता से विदाई
पामगढ़। भाजपा के पामगढ़ मंडल में एक ही दिन दो नेताओं के इस्तीफे से संगठन में हलचल तेज हो गई है। जिला मंत्री एवं अनुसूचित जाति मोर्चा से जुड़े मनोज घोष और पिछड़ा वर्ग मोर्चा के मीडिया प्रभारी ऋषभ नाथ योगी ने 4 अक्टूबर को अपने पदों के साथ भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया।
मनोज घोष ने पार्टी के स्पष्टीकरण पत्र का जवाब देने के बाद इस्तीफा दिया। अपने जवाब में उन्होंने करीब 18 वर्षों की सक्रियता का हवाला देते हुए टिकट, मंडल अध्यक्ष चयन और एल्डरमैन नियुक्ति सहित कई मामलों में संगठनात्मक उपेक्षा पर सवाल उठाए थे।

वहीं ऋषभ नाथ योगी ने पारिवारिक समस्या का हवाला देते हुए पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दिया।
एक ही दिन दो इस्तीफों ने पामगढ़ भाजपा की अंदरूनी राजनीति को लेकर चर्चाओं को गरमा दिया है। अब सबकी नजर भाजपा जिला नेतृत्व की अगली प्रतिक्रिया पर है।



