अकलतरा में राज्य कर्मचारी संघ का जिला अधिवेशन संपन्न, पुष्पराज चंदेल बने जिलाध्यक्ष

नरेंद्र सिंह को जिला सचिव और विनोद तिग्गा को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी, कर्मचारी हितों की रक्षा और संगठन विस्तार पर दिया गया जोर
अकलतरा। राज्य कर्मचारी संघ का जिला अधिवेशन अकलतरा के तरौद चौक में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। अधिवेशन में संगठन की मजबूती, कर्मचारियों की समस्याओं, उनके अधिकारों की रक्षा तथा जिला से लेकर ब्लॉक और संकुल स्तर तक संगठन के विस्तार पर चर्चा की गई। इस दौरान नई जिला कार्यकारिणी का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। पुष्पराज चंदेल को जिलाध्यक्ष, नरेंद्र सिंह को जिला सचिव और विनोद तिग्गा को जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों का उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर पुष्पराज चंदेल का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
संगठन विस्तार और कर्मचारी हितों पर जोर
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री राजेंद्र श्रीवास्तव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती सक्रिय सदस्यों और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं से आती है। उन्होंने संघ को जिला स्तर से आगे बढ़ाकर ब्लॉक एवं संकुल स्तर तक मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रभावी ढंग से उठाने का आह्वान किया।
भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश महामंत्री शंखध्वनी सिंह बनाफर ने संगठनात्मक एकता, आपसी समन्वय और समर्पण को सफलता का आधार बताया। वहीं, सहकारिता प्रकोष्ठ की प्रदेश कोषाध्यक्ष गीता सिंह ने कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों को उचित मंच पर उठाने और नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक करने की अपेक्षा जताई।
राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी चेलक ने कहा कि संगठन को आगे बढ़ाने के लिए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने कर्मचारी हितों की रक्षा, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर बल दिया।
विभिन्न पदाधिकारियों ने रखे विचार
अधिवेशन को प्रधान पाठक मंच के प्रदेश अध्यक्ष जयंत सिंह क्षत्रिय, प्रदेश महामंत्री बोधिराम निषाद और पूर्व अध्यक्ष अरुण तिवारी ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और संघ की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की आवश्यकता पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में प्रियंका सिंह सेंगर, प्रकोष्ठ प्रमुख उद्यानिकी, प्रदेश सचिव लोचन साव तथा संभाग अध्यक्ष प्रकाश सिंह चंदेल सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। इसके अलावा चंद्रशेखर महतो, श्रवण वैष्णव, चक्रपाल तिवारी, भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुर्रे, बीएमएस महामंत्री संजय चौहान, आशा कार्यकर्ता महामंत्री संगीता रात्रे, गिरिजा शंकर, भारतीय मजदूर संघ के अखिल भारतीय सदस्य सम्मी सागर, अशोक कश्यप, ज्योत्सना चंदेल और पल्लवी सिंह चंदेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
अधिवेशन का समापन संगठन की एकता बनाए रखने, कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने तथा राज्य कर्मचारी संघ को जिला, ब्लॉक और संकुल स्तर पर मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ। नवनियुक्त पदाधिकारियों से अपेक्षा जताई गई कि वे कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और संगठन के विस्तार के लिए सक्रिय भूमिका निभाएंगे।



